नीमच। विधायक दिलीपसिंह परिहार ने शुक्रवार को डाक बंगले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यपालन यंत्री, एसडीओ एवं अभियंताओं के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। करीब दो घंटे चली मैराथन बैठक में विधायक ने अब तक किए गए कार्यों की प्रगति जानी और आगामी कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में विधायक परिहार के दो वर्ष के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर विचार किया गया। विशेष रूप से जयसिंहपुरा बायपास से आसपास के ग्रामों को जोड़ने तथा विधानसभा क्षेत्र के शेष गांवों को जिला स्तर से जोड़ने की संभावनाओं पर मंथन किया गया। इसके साथ ही नीमच-जीरन-मल्हारगढ़ सड़क मार्ग की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
विधायक परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नीमच जिले के प्रत्येक गांव को जिला मुख्यालय से जोड़ने की दिशा में समग्र योजना तैयार की जाए, जिससे शहरी, ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों को आधारभूत ढांचा विकास का समान लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी मंत्री का नीमच दौरा प्रस्तावित है, इससे पूर्व सड़क निर्माण से जुड़ी शेष संभावनाओं को तलाशकर शीघ्र प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि उन्हें आगामी बजट में शामिल कराया जा सके।
उन्होंने जिले की सड़क कनेक्टिविटी को एकीकृत दृष्टिकोण से विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र की चारों दिशाओं में स्थित ग्रामों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के साथ-साथ जनपदों को आपस में जोड़ने वाली संरचना विकसित की जाए, जिससे जिले की आंतरिक आवागमन व्यवस्था और समरसता को नई दिशा मिल सके।
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि जनता के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना सरकार का संकल्प है। सड़कें केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और सामाजिक-सांस्कृतिक प्रगति का आधार हैं। प्रत्येक निर्माण कार्य को केवल तकनीकी परियोजना नहीं, बल्कि जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का माध्यम मानते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और नवाचार के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। यही प्रयास “लोक निर्माण से लोक कल्याण” की भावना को साकार करते हैं।