नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक दिलीपसिंह परिहार द्वारा निशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक परिहार ने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को विद्यालय समय पर पहुंचने में सुविधा होगी तथा उनकी पढ़ाई में निरंतरता आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते दो वर्षों में सड़क, पेयजल, परिवहन, सांदीपनि विद्यालय, चिकित्सा शिक्षा के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज, पायलट ट्रेनिंग सेंटर, दो नए औद्योगिक क्षेत्र, नवीन कृषि उपज मंडी, भाटखेड़ा-डूंगलावदा फोरलेन सड़क निर्माण, चंबल का पानी खेतों तक पहुंचाने और 24 घंटे बिजली आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
विधायक परिहार ने कहा कि समाज के सर्वहारा वर्ग के लिए लाड़ली बहना योजना, आयुष्मान योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने स्कूलों के लिए बेहतर भवन, पर्याप्त शिक्षक, स्कूल ड्रेस, पुस्तकें, मध्यान्ह भोजन, गांव की बेटी एवं लाड़ली बेटी छात्रवृत्ति, निशुल्क साइकिल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा लैपटॉप एवं स्कूटी भी प्रदान की जा रही है। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को 10 प्रतिशत बोनस अंक दिए जाने की मांग प्रदेश सरकार एवं खेल मंत्री से की गई है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदित्य मालू, जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. मांगरिया, विद्यालय प्राचार्य अनिल कुमार व्यास, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।