मंदसौर। गीता जयंती के अवसर पर शनिवार दोपहर बजरंग दल द्वारा मंदसौर शहर में भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ बड़े बालाजी मंदिर से हुआ, जो घंटाघर, शुक्ला चौक, नयापुरा रोड और बीपीएल चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः बड़े बालाजी मंदिर पर संपन्न हुई।
यात्रा से पूर्व बड़े बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय एवं विभागीय पदाधिकारियों ने जिलेभर से आए हजारों कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। इस दौरान वक्ताओं ने सनातन धर्म की रक्षा, सामाजिक जागरूकता, गो-रक्षा तथा सोशल मीडिया पर संयमित और जिम्मेदार आचरण पर जोर दिया।
दोपहर में प्रारंभ हुई शौर्य यात्रा देर शाम तक चली। यात्रा में हजारों सेवकों ने अनुशासित ढंग से भाग लिया। कई कार्यकर्ता हाथों में दंड और तलवार लेकर चल रहे थे, जिससे पूरे मार्ग पर उत्साह और शौर्य का वातावरण बना रहा।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 200 से अधिक स्थानों पर शौर्य यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरे मार्ग पर उत्सव और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, एसडीओपी नरेंद्र कुमार सोलंकी, एसडीओपी कीर्ति बघेल सहित कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, यशोधर्मन थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर एवं नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।