माउंट आबू। रविवार ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए ग्लोबल हॉस्पिटल, माउंट आबू एवं सीमेंस हेल्थिनियर्स के सौजन्य से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दाताफली (मंडवाडा खालसा), पिण्डवाडा में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोककला, नुक्कड़ नाटक एवं कठपुतली कला के माध्यम से ग्रामीणों को गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जानकारी सरल व प्रभावी ढंग से दी गई।
नरसाराम गरासिया एवं अर्जुनराम गरासिया की टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटिका को ग्रामीणों ने बड़ी रुचि के साथ देखा। नाटक के माध्यम से बताया गया कि गैर-संचारी रोग लंबे समय तक चलने वाली बीमारियाँ होती हैं, जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलतीं। इनमें महिलाओं से संबंधित रोग, गर्भाशय कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह एवं ओरल कैंसर प्रमुख हैं।
कलाकारों ने आनुवंशिक कारणों, पर्यावरणीय प्रभाव और अस्वस्थ जीवनशैली को इन रोगों का मुख्य कारण बताते हुए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, नशामुक्त जीवनशैली तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही शराब, बीड़ी, गुटखा एवं अन्य नशीली वस्तुओं के दुष्प्रभावों को भी प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया।
ग्लोबल हॉस्पिटल की टीम ने जानकारी दी कि कल यहीं पर निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच शिविर आयोजित किया जायेगा, जिससे बीमारियों की समय रहते पहचान होंगी और ग्रामीणों को उचित उपचार और दवाइयां मिलेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अशोक दवे, जे.पी. सिंह, सरपंच शारदा देवी गरासिया, उपसरपंच पीराराम देवासी, स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता मीना गरासिया, मूलकी गरासिया, ललिता गरासिया, फूली गरासिया, जयंतीलाल गरासिया एवं हंसाराम राना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।