नीमच। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत नीमच जिले के ग्रामीणों को पक्के आवास की सुविधा मिल रही है। इस योजना से लाभान्वित होकर अनेक परिवार किराए और कच्चे मकानों की परेशानी से मुक्त होकर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।
नीमच जिले की ग्राम पंचायत जगोली के ग्राम अरनिया कुमार निवासी मुकेश दास बैरागी प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ मिलने से बेहद खुश हैं। मुकेश पूर्व में किराए के मकान में रह रहे थे, जिसका मासिक किराया चुकाना उनके लिए आर्थिक रूप से कठिन था। योजना के तहत उन्हें पक्का मकान निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इसके साथ ही मकान निर्माण में की गई मजदूरी का भुगतान मनरेगा योजना के अंतर्गत मिला। अब मुकेश अपने परिवार के साथ स्वयं के पक्के मकान में निवास कर रहे हैं। किराए के मकान से मुक्ति मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी ग्राम के निवासी शंभूदयाल पिता हरिराम भी पहले कच्चे मकान में रहते थे। बारिश के मौसम में उन्हें और उनके परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत उन्हें भी 1.20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई, जिससे उन्होंने पक्का मकान बनवाया। पंचायत द्वारा निर्माण कार्य में की गई मजदूरी का भुगतान भी उन्हें प्राप्त हुआ। अब उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो चुका है और वे परिवार सहित उसमें निवास कर रहे हैं। पक्का मकान मिलने से गांव में उनका मान-सम्मान बढ़ा है तथा बारिश में छत टपकने जैसी समस्याओं से भी उन्हें राहत मिली है।
उल्लेखनीय है कि नीमच जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत योजना प्रारंभ होने से अब तक कुल 31,185 आवास निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 24,582 हितग्राहियों द्वारा पक्के आवास का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 6,603 आवासों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।