मनासा। ग्राम खेड़ी में श्री कुलदेवता की असीम कृपा एवं श्री सांवलिया सेठ के आशीर्वाद से श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन समस्त ग्रामवासी गुर्जर समाज के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ किया जा रहा है।
श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ 21 दिसंबर 2025, रविवार को प्रातः भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष एवं युवा शामिल हुए, जिससे पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बन गया। कलश यात्रा के पश्चात कथा का विधिवत प्रारंभ हुआ।
कथा का वाचन प्रख्यात कथावाचक पं. सुरेशजी प्रधान (नागरपिल्या वाले) द्वारा किया जा रहा है। कथा स्थल श्री राधा-कृष्ण मंदिर, खेड़ी निर्धारित किया गया है। कथा की पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी का आयोजन 27 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक होगा।
इस वर्ष की श्रीमद् भागवत कथा की विशेषता यह है कि सात दिवसीय आयोजन के दौरान भगवान श्री विष्णु के विभिन्न अवतारों मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण सहित अन्य अवतारों की अलग-अलग आकर्षक एवं जीवंत झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। ये झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी और धर्म, भक्ति व संस्कृति का भावपूर्ण संदेश देंगी।
आयोजकों के अनुसार, इस धार्मिक आयोजन से गांव में आध्यात्मिक वातावरण सृजित हुआ है तथा युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों में धर्म के प्रति आस्था और अधिक प्रबल हुई है। कथा के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, आरती एवं प्रसादी वितरण भी किया जा रहा है।
आयोजक परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करें और धर्मलाभ प्राप्त कर आयोजन को सफल बनाएं।