नीमच। मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में वर्षों से सेवाएं दे रहे मेहमान प्रवक्ताओं ने अपनी सेवा सुरक्षा, अनुभव के लाभ और सीधी भर्ती में आरक्षण तथा वेटेज की मांग को लेकर आज नीमच कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन म.प्र. आईटीआई मेहमान प्रवक्ता समाज कल्याण समिति के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि आईटीआई मेहमान प्रवक्ता वर्षों से प्रशिक्षणार्थियों को सैद्धांतिक और प्रायोगिक शिक्षा देकर राज्य के कुशल मानव संसाधन निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और न ही उनके अनुभव का कोई लाभ दिया जा रहा है। समिति ने इसे गंभीर प्रशासनिक उपेक्षा करार दिया।
मेहमान प्रवक्ताओं ने बताया कि विद्यालय और उच्च शिक्षा विभाग में अतिथि शिक्षकों को नियमित भर्ती में आरक्षण और अनुभव का लाभ दिया जा रहा है, जबकि कौशल विकास विभाग ऐसा एकमात्र विभाग है, जहां मेहमान प्रवक्ताओं के लिए आज तक कोई स्पष्ट और स्थायी नीति लागू नहीं की गई है। समिति ने इसे समान कार्यदृसमान अवसर के सिद्धांत के विपरीत बताया।
समिति ने मांग की कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 11 सितंबर 2023 को महापंचायत में की गई घोषणाओं को तत्काल लागू किया जाए। इसके साथ ही सभी मेहमान प्रवक्ताओं को नवीन संविदा नीति में शामिल किया जाए।
इसके अतिरिक्त समिति ने प्रशिक्षण अधिकारी की सीधी भर्ती में आईटीआई मेहमान प्रवक्ताओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, अनुभव के आधार पर बोनस अंक प्रदान करने तथा नियमित प्रशिक्षण अधिकारी की नियुक्ति के बाद भी मेहमान प्रवक्ताओं की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।