मनासा। सोमवार सुबह करीब 10 बजे उपवन मंडल अधिकारी मनासा प्रदीप कच्छावा को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गुजरत में नानूराम पिता भेरूलाल के कुएं के पास सोयाबीन के भूसे में एक विशालकाय अजगर छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही उपवन मंडल अधिकारी द्वारा तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए वन विभाग की रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।
रेस्क्यू टीम ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। पकड़ा गया अजगर करीब 10 फीट लंबा एवं लगभग 20 किलोग्राम वजनी था। जांच में अजगर पूर्णतः स्वस्थ पाया गया।
वन विभाग द्वारा अजगर को सुरक्षित रूप से गांधी सागर अभयारण्य क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इस सफल रेस्क्यू अभियान में डिप्टी रेंजर कैलाश राठौड़, वाहन चालक प्रेम सिंह गौड़ तथा श्रमिक विष्णु का विशेष योगदान रहा।