दतिया। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के नेतृत्व में दतिया पुलिस को हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार सवार चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच अवैध पिस्टल और एक आर्टिका कार बरामद की है।
सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सूरज कुमार वर्मा ने इस कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह सफलता सब इंस्पेक्टर यादवेन्द्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मिली है। पकड़े गए सभी तस्कर इंदरगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं, जो सेंधवा (जिला बड़वानी) से अवैध पिस्टल लाकर दतिया और आसपास के क्षेत्रों में उनकी सप्लाई किया करते थे।
एसपी वर्मा ने इस उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कार देने की घोषणा भी की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सब इंस्पेक्टर यादवेन्द्र सिंह गुर्जर ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर बिहार बैंक चोरी कांड का खुलासा किया था, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा वे पूर्व में अवैध हथियारों की फैक्ट्री पकड़ने जैसी बड़ी कार्रवाइयों को भी अंजाम दे चुके हैं और उन्हें रुस्तम जी अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।