सोनकच्छ। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआईएसएफ) की कठिन प्रशिक्षण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रथम बार नगर भौरासा एवं ग्राम मिर्जापुर पहुंचे ग्राम मिर्जापुर निवासी राजेश चंद्रवंशी के पुत्र योगेश चंद्रवंशी का नगर व ग्रामीणजनों द्वारा उत्साह और गर्व के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भौरासा स्थित चोपड़े से योगेश चंद्रवंशी के सम्मान में जुलूस निकाला गया, जो नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरा। जुलूस के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर, माल्यार्पण कर और देशभक्ति के नारों के साथ नवजवान का स्वागत किया गया। पूरे क्षेत्र में देशसेवा के लिए चयनित हुए जवान को लेकर खासा उल्लास और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में भौरासा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिथुन यादव, अर्जुन सिंह गुर्जर, अबरार गांधी के साथ भौरासा-मिर्जापुर क्षेत्र के कमल पटेल, ईश्वर गुर्जर, अरविंद गुर्जर, सुनील गुर्जर, विशाल गुर्जर, नारायण सिंह गुर्जर, अरविंद जलवाया, अनिल परमार, सीताराम चंद्रवंशी, अखिलेश चंद्रवंशी, उमेश चंद्रवंशी, प्रमोद झवर, रमेश चौहान, मनोहर मालवीय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि योगेश चंद्रवंशी की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और देशसेवा का जज़्बा आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देगा।