भौरासा। नगर में आज सुबह करीब 8 बजे कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी पहुंचे। नगर के बस स्टैंड स्थित पार्क में लगी अजमेर राज्य के मुख्यमंत्री व स्वतंत्रता सेनानी स्व. हरिभाऊ जी उपाध्याय की प्रतिमा की विधिवत साफ-सफाई कर जल से स्नान कराया गया। इसके बाद माल्यार्पण कर पार्क परिसर में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के पश्चात बस स्टैंड से हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी निकाली गई, जिसका समापन बड़े हनुमान चौक पर राष्ट्रगान एवं संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मनीष चौधरी ने कहा कि जिले भर में महापुरुषों की प्रतिमाओं की नियमित साफ-सफाई एवं देखरेख को लेकर एक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित तो कर दी जाती हैं, लेकिन बाद में उनकी देखभाल नहीं हो पाती। इसी उद्देश्य से हर सप्ताह प्रभात फेरी निकालकर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।