नीमच। जिला चिकित्सालय नीमच में व्याप्त अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और तत्काल सुधार की मांग की।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह मन्नू बना बांगरेड ने बताया कि जिला अस्पताल अब मरीजों के लिए केवल रैफरल सेंटर बनकर रह गया है। उन्होंने प्रसूति वार्ड में डिलीवरी और छोटे ऑपरेशनों के नाम पर 5 से 10 हजार रुपये तक की अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया।
युवा कांग्रेस ने हड्डी रोग विभाग में मरीजों को ऑपरेशन सामग्री निजी दुकानों से खरीदने को मजबूर किए जाने, एक्स-रे मशीनों को जानबूझकर लंबे समय तक बंद रखने और निजी लैब को फायदा पहुंचाने जैसी गंभीर समस्याओं को भी उजागर किया।
संगठन ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी पर चिंता जताई और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और पार्टी सदस्य मौजूद रहे। अब जिला अस्पताल की व्यवस्था सुधारने को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सबकी निगाहें टिकी हैं।