छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अरुण शंकर पाण्डेय ने स्कूलों के समय में परिवर्तन का आधिकारिक आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं नवोदय विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय परिवर्तित किया गया है। अब ये विद्यालय प्रातः 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश 23 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक प्रभावशील रहेगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दो पाली में संचालित होने वाले विद्यालयों का समय पूर्ववत रहेगा। वहीं, पूर्व निर्धारित परीक्षा समय सारणी में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों और संस्थानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक शीतलहर का प्रकोप बने रहने की चेतावनी जारी की है। जिला प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।