देवास में नगर निगम कर्मचारियों के संगठन ने अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की एक प्रति सत्ता पक्ष के नेता मनीष सेन को भी दी गई।
संगठन ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वेतन में देरी के कारण बैंक किश्तें, बच्चों की फीस और जरूरी खर्च पूरे नहीं हो पा रहे हैं। कर्मचारियों ने निगम आयुक्त पर तानाशाही व अपमानजनक रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया।
ज्ञापन में प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच वेतन भुगतान, कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार बंद करने, सफाई कर्मचारियों को आवश्यक उपकरण व ठंड से बचाव के लिए स्वेटर-जैकेट देने की मांग की गई। साथ ही निलंबित कर्मचारियों की बहाली, रोका गया वेतन देने और आउटसोर्स व डोर-टू-डोर कचरा गाड़ी कर्मियों का तीन माह का बकाया वेतन शीघ्र भुगतान करने की मांग रखी गई। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।