नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले में जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 23 दिसंबर 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच के सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित हुआ।
शिविर के दौरान आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी जायसवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 20 शिकायतों का संतोषजनक समाधान कर उन्हें बंद कराया गया।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में लगभग 42 फरियादी उपस्थित हुए, जिनकी शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एसपी जायसवाल ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए, विशेष रूप से भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों एवं अन्य जनसमस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान दिया जाए।
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, प्रभारी एसडीओपी मनासा, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, संबंधित शाखाओं के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।