नीमच। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकानों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से परेशान हितग्राहियों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता एवं नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति के नेतृत्व में हितग्राहियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं रखीं।
ज्ञापन में बताया गया कि धनतेरस पर आवंटित पीएम आवासों में अब तक विद्युत मीटर नहीं लगाए गए हैं, जिससे परिवारों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। हितग्राहियों का आरोप है कि उद्घाटन के समय अस्थायी लाइट की व्यवस्था कर दी गई थी, लेकिन बाद में स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें गुमराह किया गया।
इसके अलावा रजिस्ट्री के नाम पर एक लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप भी लगाया गया। हितग्राहियों ने कहा कि रजिस्ट्री के अभाव में बिजली कनेक्शन भी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पीएम आवास योजना के तहत शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि गरीब हितग्राहियों को योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।