भोपाल। डॉ. मोहन यादव सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने अपने विभाग की दो साल की उपलब्धियां और आगामी कार्ययोजना मीडिया के सामने रखी। मंत्री ने पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से 12 लाख प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का दावा किया और हर वर्ष 20 प्रतिशत पर्यटक वृद्धि का लक्ष्य बताया।
मंत्री लोधी ने बताया कि बीते दो वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में 511 हेक्टेयर क्षेत्र में निवेश आया है। वर्ष 2024-25 में 14 करोड़ पर्यटक मध्यप्रदेश पहुंचे, जबकि 2023-24 में 11 करोड़ 21 लाख पर्यटक आए थे।
उन्होंने कहा कि रीवा और ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव आयोजित हुए, जिनमें करीब 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पर्यटन से जुड़े 6 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश ट्रेवल मार्ट में देश-विदेश के स्टेकहोल्डर्स और 28 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहां 7 हजार से अधिक बी-टू-बी बैठकें हुईं और 3565 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए।
धर्मस्व विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 2024-25 में 20 ट्रेनों का संचालन कर 16 हजार तीर्थयात्रियों को लाभ पहुंचाया गया। वहीं 25 विमान सेवाओं से 800 यात्रियों को सुविधा दी गई। प्रदेश में 132 मंदिरों के जीर्णाेद्धार को स्वीकृति मिली है और पुजारियों के लिए करीब 32 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश को राममय, कृष्णमय और शिवमय स्वरूप देने की दिशा में कार्य हुए हैं। विक्रमादित्य वैदिक घड़ी, सिंहस्थ के लिए 18 पर्यटन ग्राम, पचमढ़ी को ग्रीन डेस्टिनेशन बनाने की पहल और जल पर्यटन के तहत 41 गतिविधियों को लाइसेंस देना प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।