देवास। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद जिले में अवैध रूप से रेत एवं गिट्टी के भंडारण तथा परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में देवास में राजस्व एवं खनिज विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
खनिज अधिकारी रश्मि पांडे ने बताया कि गोल्डन चौराहा सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को हटाने के लिए कार्रवाई की गई। इससे पूर्व संबंधित वाहन मालिकों व चालकों को सर्विस रोड खाली करने के लिए समझाइश भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद वहां ट्रैक्टर खड़े पाए गए।
कार्रवाई के दौरान मौके से 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत तथा 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली गिट्टी-चूरी से भरे वाहन अवैध भंडारण एवं परिवहन करते हुए पाए गए, जिन्हें जब्त कर पुलिस लाइन देवास की अभिरक्षा में सौंपा गया है। संबंधितों के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौण खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।