मुरैना। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में मुरैना जिले में मोटरयान अधिनियम एवं नियमों के अंतर्गत वाहनों की जांच एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की चेकिंग की कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में 23 दिसंबर को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा मुरैनादृधौलपुर मार्ग पर संयुक्त रूप से चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर सघन जांच अभियान चलाया गया।
यात्री बसों से संबंधित टूरिस्ट परमिट, पार्टी परमिट एवं रूट परमिट को लेकर बस ऑपरेटरों के बीच उत्पन्न विवाद को देखते हुए इस मार्ग पर विशेष निगरानी रखी गई। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ ओवरलोडिंग, बीमा, फिटनेस, परमिट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की गई।
चेकिंग कार्रवाई के अंतर्गत 52 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिसमें 3 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 34,300 रुपये का राजस्व वसूला गया। वहीं, परमिट शर्तों के उल्लंघन अथवा बिना परमिट संचालित पाए जाने पर 02 ऑटो, 01 मैजिक वाहन, 01 स्कूल बस एवं 01 यात्री बस सहित कुल 04 वाहनों को जप्त कर संबंधित पुलिस थानों में सुरक्षार्थ रखा गया है। जप्त वाहनों से लगभग 61,500 रुपये का अतिरिक्त राजस्व वसूले जाने की संभावना है।
इस विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अर्चना परिहार, यातायात प्रभारी संतोष भदौरिया, सूबेदार मलखान सिंह परमार, परिवहन प्रधान आरक्षक अभिषेक, आरक्षक जितेन्द्र तोमर, नगर सैनिक वीरेन्द्र रामपुरे, रामशरण शर्मा एवं कार्यालयीन कर्मचारी गोविन्द सिंह चौहान उपस्थित रहे।