गुना। स्वर्ण आर्मी के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर ने निजी स्कूलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि कई गरीब बच्चों के माता-पिता ने संगठन से संपर्क कर शिकायत की है कि कुछ एमपी बोर्ड और सीबीएसई से संबद्ध निजी स्कूल नियमों के नाम पर बच्चों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
आरोप है कि यदि कोई गरीब बच्चा एक दिन भी स्कूल यूनिफॉर्म या कोट पहनकर नहीं जाता, तो स्कूल प्रबंधन उसे परेशान करता है या स्कूल से घर भेज दिया जाता है। इसके साथ ही बच्चों की कॉपियां, किताबें और यूनिफॉर्म भी विशेष दुकानों से खरीदने का दबाव बनाया जाता है।
विक्रम सिंह तोमर ने कहा कि मजदूरी करने वाले, दुकानों पर काम करने वाले और झाड़ू-पोछा जैसे कार्य करने वाले माता-पिता के लिए यह बोझ असहनीय है। इस कारण बच्चों और उनके अभिभावकों को समाज में अपमान और हीन भावना का सामना करना पड़ता है।
स्वर्ण आर्मी ने इन सभी मामलों से जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराते हुए मांग की है कि जो स्कूल इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त हैं, उनके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद बच्चों के साथ अन्याय रोका जा सके।