चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत ब्रजवासी द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत जैसे ही “राधे-राधे” के मधुर भजनों से हुई, संपूर्ण पंडाल भक्तिरस से सराबोर हो गया और श्रद्धालु भजनों की धुनों पर झूम उठे।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान “काली कमली वाले”, “दीवाना राधे का” सहित अनेक लोकप्रिय एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। हेमंत ब्रजवासी की सुमधुर आवाज़ और भक्तिपूर्ण गायन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ कलाकार का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांवरिया जी मंदिर मंडल के अध्यक्ष श्री जानकी दास वैष्णव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद सी.पी. जोशी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, अंशुल आमेरिया, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, रघु शर्मा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सांस्कृतिक संध्या में हजारों की संख्या में आमजन ने सहभागिता कर भजनों का आनंद लिया।
25 दिसंबर को होगा प्रसिद्ध तुर्रा-कलंगी कार्यक्रम
राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव के अंतर्गत 25 दिसंबर को मेवाड़ की प्रसिद्ध लोक परंपरा तुर्रा-कलंगी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक लोककला का भव्य प्रदर्शन होगा।