चित्तौड़गढ़। पुलिस लाइन परिसर में बुधवार को नवविकसित पार्क ‘अटल उद्यान’ का भव्य उद्घाटन माननीय सांसद, विधायक एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों ने उद्यान का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ‘अटल उद्यान’ पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए विश्राम, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उद्यान में हरियाली, बैठने की समुचित व्यवस्था, पैदल पथ (पाथवे) एवं बच्चों के मनोरंजन हेतु आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इस अवसर पर माननीय सांसद सी.पी. जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने अपने संबोधन में कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर विकसित यह उद्यान प्रेरणा का प्रतीक है। यह न केवल पुलिस लाइन के सौंदर्यीकरण में सहायक होगा, बल्कि पुलिस कर्मियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा। कार्यक्रम के दौरान सांसद सीपी जोशी ने उपस्थितजनों को सुशासन दिवस के अवसर पर शपथ भी दिलाई।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं कार्यस्थल के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘अटल उद्यान’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे पुलिस परिवारों को सुकून एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होगी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, लाइन आरआई अनिल पांडे सहित सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।