खरगोन। शहर के कसरावद रोड पर गुरुवार को 134वें नवग्रह मेले का पूर्व कृषि राज्यमंत्री व विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने नवग्रह पूजा के साथ भूमिपूजन किया। मेला 1 जनवरी से 22फरवरी तक चलेगा। इस बार मेला अवधि एक सप्ताह बढाई गई है, जिससे व्यापारियों को राहत मिलेगी वही आमजन भी मेले का अधिक समय तक लुत्फ उठा सकेंगे। भूमिपूजन के साथ ही ले आउट प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नगर पालिका ने इस बार दुकानदारों को किराये में भी राहत दी है, व्यवस्थाएं पूर्व की दर से ही उपलब्ध कराई जाएगी।
पूर्व कृषि राज्यमंत्री ने कहा-इस मेले की प्रदेश में ग्वालियर के बाद दूसरे नंबर पर पहचान है। मुख्यमंत्री से मेले में वाहनों की खरीदी पर सेल टैक्स में छूट दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर नपा अध्यक्ष छाया जोशी, सीएमओ कमला कॉल सहित पार्षद व व्यापारी यहां मौजूद रहे।
पूर्व राज्यमंत्री ने बताया इतिहास
पूर्व राज्यमंत्री ने मेले का इतिहास भी बताया। कहा कि करीब 1962 से यह मेला इस ओर लग रहा है। इसके पहले मेला नवग्रह मंदिर की तरफ लगता था। पुराने समय में लकड़ी के झूले आते थे। उस समय जहां बिजली की समस्या आम बात थी, लेकिन अब समूचा मेला रंगीन रोशनी से नहाता है। समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए अटल बिहारी जी अमर रहे का नारा भी लगाया गया।