कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद में गुरुवार को एक बड़ी दुर्घटना टल गई। नगर के मंडलेश्वर रोड स्थित एक खलियान में रखे पौधों के कैरेटों में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई।
आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर परिषद की फायर सर्विस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
फायर सर्विस कर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास के क्षेत्र में फैलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन के अनुसार इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।