भोपाल। राजधानी भोपाल के तात्याटोपे स्टेडियम में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD–2026)’ का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को उत्साह और भव्यता के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 10 विषयों पर कुल 508 प्रतिभाशाली युवाओं ने सहभागिता की और अपने अनुभव, विचार तथा नवाचारी सोच के माध्यम से भविष्य के भारत के निर्माण का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
प्रतिभागियों का चयन दो ऑनलाइन चरणों के माध्यम से किया गया। प्रथम चरण में 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2025 तक डिजिटल क्विज आयोजित किया गया, जबकि द्वितीय चरण में 23 अक्टूबर से 5 नवंबर 2025 तक डिजिटल निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
चयनित प्रतिभागियों ने रोजगार सृजन, कौशल विकास, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवाचार, स्टार्ट-अप्स एवं भविष्य उन्मुख कार्यशक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित और प्रभावी प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना और ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न को साकार करने में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विषय से श्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा, जहाँ उन्हें देश के प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त होगा। यह उपलब्धि चयनित युवाओं के लिए गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक होगी।
इसी क्रम में रामपुरा से अभिषेक गुप्ता तथा इंदौर से वरुण नामदेव और प्रिंस शर्मा का तीसरे चरण के लिए चयन किया गया। इन प्रतिभागियों ने ‘Building a Future-Ready Workforce for Viksit Bharat’ विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर अपने क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। अन्य चयनित युवाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सक्रिय योगदान दिया।
यह आयोजन प्रदेश के युवाओं की क्षमता, ऊर्जा और संकल्प का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।