चित्तौड़गढ़। मेवाड़ नवनिर्माण सेना द्वारा शुक्रवार को तुलसी पूजन दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेना के कार्यकर्ताओं ने श्रीराम गेट, किला रोड स्थित शिव मंदिर में तुलसी माता की विधिवत पूजा-अर्चना की, चुनरी अर्पित की तथा आरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया।
सेना के मोनू गुर्जर ने बताया कि तुलसी पूजन दिवस के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जनमानस को तुलसी के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं औषधीय महत्व से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में उपस्थित धर्मेश भारती ने तुलसी माता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुण्यभूमि भारत में संस्कार, शिक्षा, पूजा और उपासना के माध्यम से जो लाभ प्राप्त होते हैं, वे अन्य देशों में दुर्लभ हैं। तुलसी एक ही है, लेकिन उसके गुण और लाभ अनेक हैं। तुलसी का पौधा धार्मिक, आध्यात्मिक एवं औषधीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और हिंदू धर्म में इसे पवित्र माना गया है।
उन्होंने बताया कि नियमित रूप से तुलसी का सेवन करने से एसिडिटी, मांसपेशियों का दर्द, सर्दी-जुकाम, मोटापा एवं बच्चों से संबंधित अनेक रोगों में लाभ मिलता है। विशेष रूप से कफ, दस्त, उल्टी तथा पेट के कृमि जैसी समस्याओं में तुलसी औषधि के रूप में उपयोगी है। आयुर्वेद में तुलसी को ‘जड़ी-बूटियों की रानी’ कहा गया है। यह घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है, नकारात्मकता को दूर करती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है। उन्होंने सभी से अपने घर के आंगन में तुलसी माता का पौधा लगाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में रूपेश गंगवाल, बालकिशन भांड, गोविंद कुलदीप, दिलीप सुथार, विजय पटवा, सूरज माली, प्रीतम माली, जय कुमावत, अंशू सेन, सुमित लश्कर, विष्णु वैष्णव, शुभम लश्कर, बांटी साहू, दीपक सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।