कसरावद। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की वृहद जिला स्तरीय बैठक का आयोजन कसरावद के मां नर्मदा के तट पर ग्राम नावडाटोडी में संपन्न हुआ। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा बिंदुवार समस्याओं को दर्ज किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों में हाउस अलाउंस, समयमान वेतनमान, क्रमोन्नति वेतन, परिवीक्षा अवधि का वेतन, ई-अटेंडेंस सहित अन्य लंबित समस्याओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि शासन द्वारा मान्यता प्राप्त संघ की जायज मांगें जिला परामर्श समिति के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने के बावजूद लगभग पाँच माह से लंबित हैं, जिन्हें विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण अब तक पूरा नहीं किया गया है।
इन लंबित मांगों के निराकरण हेतु कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन एवं शिकायत प्रस्तुत किए जाने की मांग बैठक में रखी गई। इसके साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया तथा अधिक से अधिक कर्मचारियों को संघ से जोड़ने का आह्वान किया गया।
बैठक में प्रांतीय सदस्य भारती मालवीय, जिलाध्यक्ष विजयराय सुनहरे, कमल सांवले, संजय निगवाल सहित ब्लॉक व तहसील स्तर के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्याम पाटीदार द्वारा किया गया, सद्भावना गीत मीनाक्षी जोशी ने प्रस्तुत किया तथा आभार प्रदर्शन कसरावद ब्लॉक अध्यक्ष संजय शर्मा ने किया।