शामगढ़। शामगढ़ पुलिस ने अवैध मछली परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। ट्रॉली में टाट की बोरियों में भरकर लगभग 10 क्विंटल अवैध सुखी मछलियां पाई गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये मछलियां गांधी सागर जलाशय से चोरी कर अवैध रूप से परिवहन की जा रही थीं।
यह कार्रवाई शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में तथा चंदवासा पुलिस चौकी प्रभारी मनोज महाजन द्वारा की गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों दिलीप सिंह एवं दीवान सिंह पिता मदनलाल बंजारा, निवासी ग्राम आक्या गहलोत, थाना गंगाधर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मत्स्य अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही अवैध मछली चोरी एवं तस्करी के नेटवर्क की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांधी सागर जलाशय से अवैध गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।