नीमच। नीमच सिटी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्ति एवं बाल विवाह उन्मूलन को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पीएम श्री शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. संजय जोशी ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा जीवन का सबसे बड़ा शत्रु है। उन्होंने बताया कि नशा संपन्नता को विपन्नता, प्रगति को पतन, सम्मान को अपमान और शक्ति को दुर्बलता में परिवर्तित कर देता है। डॉ. जोशी ने छात्राओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा को अपना सबसे सशक्त हथियार बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बाल विवाह को नारी के संपूर्ण जीवन पर ग्रहण बताते हुए कहा कि बालिकाओं को पहले शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनना चाहिए तथा अपने पैरों पर खड़े होकर समाज को नई दिशा देनी चाहिए।
कार्यक्रम में प्राध्यापक संजय पंवार, राजेंद्र कसाना एवं प्राध्यापिका चंचल जैन ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सजग रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मधुलिका शर्मा ने किया। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रभारी प्राचार्य हेमलता वर्मा ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं को सशक्त बनाने एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।