खरगोन। मध्य प्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड, भोपाल के तत्वाधान में ईको अनुभूति कैंप का आयोजन सामान्य वनमण्डल खरगोन के परिक्षेत्र बरुड अंतर्गत सबरेंज सेगाव की बीट ऊन के कक्ष क्रमांक 1079 के सघन वृक्षारोपण वन क्षेत्र में किया गया। यह कार्यक्रम जिला वनमण्डल अधिकारी रमेश राठौर के मार्गदर्शन एवं उप वनमण्डल अधिकारी बिस्टान हीरालाल पटेल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कैंप में शासकीय हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल मोहना तथा शासकीय मिडिल स्कूल बड़ी के विद्यार्थियों को वन क्षेत्र का भ्रमण कराया गया। प्रातःकाल वन क्षेत्र स्थित तालाब के समीप बच्चों को दूरबीन की सहायता से पक्षी दर्शन कराया गया। मास्टर ट्रेनर राम राठौर द्वारा पक्षियों एवं विभिन्न पेड़-पौधों की विस्तृत जानकारी दी गई।
स्वल्पाहार के उपरांत विद्यार्थियों को ऊन बीट के कंपार्टमेंट क्रमांक 1079 में लगभग 3 किलोमीटर लंबे फॉरेस्ट ट्रेल पर भ्रमण कराया गया। इस दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेश रंधावे, प्रेरक रविन्द्र वर्मा, वनपाल हरिओम गुप्ता एवं वनरक्षक हरिराम कर्मा ने फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधोंकृसागौन, शीशम, धावड़ा, करंज, पीपल, आंवला आदिकृके सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक महत्व की जानकारी दी।
प्रेरक अजय गुप्ता ने विद्यार्थियों को वन्य प्राणियों की उपस्थिति के बारे में जानकारी देते हुए चीतल, हिरण, चिंकारा एवं भेड़की आदि की पहचान विष्टा (मल) के माध्यम से कराई। उन्होंने बताया कि पेड़ हमारे मित्र हैं, जो हमें प्राणवायु देते हैं, अतः उनका संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का नैतिक दायित्व है।
वन भ्रमण के पश्चात भोजन अवकाश के बाद विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। 35 मिनट की इस प्रतियोगिता में 25 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में-
प्रथम स्थानः प्रदीप गरासे (कक्षा 9, हाई स्कूल मोहना)
द्वितीय स्थानः राज मंडलोई (कक्षा 8, मिडिल स्कूल मोहना)
तृतीय स्थानः कुमारी तमन्ना सेन (कक्षा 9, हाई स्कूल मोहना)