नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिले में प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु लगातार टीकाकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नीमच जिला अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की।
शिविर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को विभिन्न घातक बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। साथ ही गर्भवती महिलाओं का भी टीकाकरण किया गया। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों के लिए ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच की निःशुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को शिविर तक लाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रहे। शिविर में डीपीटी, काली खांसी, टीबी, हेपेटाइटिस सहित अन्य रोगों से बचाव के टीके लगाए जा रहे हैं।
टीकाकरण शिविर को लेकर आमजन में उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे। यह शिविर दोपहर 2 बजे तक संचालित किया जाएगा। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाकर स्वयं एवं अपने बच्चों को सुरक्षित रखें।