नीमच। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने प्रशासनिक अमले के साथ जिला चिकित्सालय नीमच का औचक एवं व्यापक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने प्रसूति वार्ड, सिजेरियन पश्चात वार्ड, शिशु वार्ड सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर निःशुल्क टीकाकरण अभियान के अंतर्गत आयोजित टीकाकरण शिविर में भी पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा स्टाफ के व्यवहार की जानकारी ली। मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर उपचार, स्वच्छता, संवेदनशीलता एवं बेहतर व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम संजय साहू, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल, डॉ. मनीष यादव, डॉ. दिनेश प्रसाद सहित प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण पश्चात मीडिया से चर्चा में कलेक्टर ने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए निरंतर निगरानी एवं आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।