नीमच। उन्नाव बलात्कार कांड के मुख्य आरोपी एवं भाजपा नेता, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने के विरोध में जिला महिला कांग्रेस, नीमच ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा।
ज्ञापन में महिला कांग्रेस ने कहा कि नाबालिग से बलात्कार जैसे जघन्य अपराध में उम्रकैद की सजा पाए आरोपी को जमानत दिया जाना न्याय व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। संगठन ने प्रधानमंत्री द्वारा बेटियों की सुरक्षा को लेकर दिए गए बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह के निर्णय उन दावों को खोखला साबित करते हैं।
महिला कांग्रेस ने पीड़िता पर हुए हमले और उसके परिजनों की हत्या जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए आरोपी की जमानत तत्काल निरस्त करने तथा उसे कठोरतम दंड दिए जाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि ऐसे फैसले महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बढ़ावा देते हैं, जिसकी वे कड़े शब्दों में निंदा करती हैं।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की अनीता धनेटवाल, रुखसाना खान, शमीदा मिर्जा, चेतन लालका, दीपा तंवर, सुमित्रा खींची सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।