शाजापुर। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण में हाल ही में अग्निपथ-एग्निवीर और करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह शिप्रे और मुख्य वक्ता सूबेदार मेजर घनश्याम सिंह नेगी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्य हेमेंद्र यादव ने की।
भारतीय सेना कार्यालय महू (ARO) के सूबेदार मेजर घनश्याम नेगी ने युवाओं को अग्निपथ और अग्निवीर की भर्ती प्रक्रिया एवं उसके अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा, “सपनों को हकीकत बनाने का जुनून रखो, क्योंकि मेहनत से बढ़कर कोई जादू नहीं होता।” उन्होंने युवाओं को देश सेवा के लिए आर्मी में भर्ती होने का निमंत्रण भी दिया।
जिला एवं रोजगार कार्यालय, इंदौर से आए मोटिवेशनल स्पीकर और विषय विशेषज्ञ जितेंद्र पांचाल ने विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार और परीक्षा से तनाव मुक्त रहने के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा आपकी काबिलियत से बहुत छोटी होती है और अनुशासन एवं सही दिशा में मेहनत करने से सफलता निश्चित है। शिक्षा सलाहकार आशीष पटेल एवं उनकी टीम ने भी 12वीं कक्षा के छात्रों को परीक्षा तैयारी और तनाव प्रबंधन के उपाय बताए।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और छात्रों में उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिला। अतिथियों द्वारा पूछे गए इंडियन आर्मी और करियर से संबंधित प्रश्नों का सही उत्तर देने वाले छह विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पहार, शाल और स्मृति चिन्ह के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी डॉ. माखनलाल धानुक ने किया, जबकि आभार प्राचार्य हेमेंद्र यादव ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विशेष सहयोग के लिए भर्ती कार्यालय महू से रविंद्र राठौर, 10 म.प्र. बटालियन उज्जैन से पीआई हवलदार बंटी मंधारे, भूतपूर्व सैनिक नरेंद्र विश्वकर्मा, मनीष धाकड़, समाजसेवी मनोज कुमार जायसवाल, शिक्षिका ज्योति रिणवा, नितिन मालवीय, निदा खान, सुयश तोमर, नीरज वर्मा, शिवम परमार, जितेंद्र पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट एवं सीएम राइज विद्यालय के लगभग 350 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।