नीमच। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर, सूबेदार सुरेश सिसोदिया, एएसआई महेंद्र राणा, प्रधान आरक्षक गोपाल सोनी, आरक्षक कृष्ण सैनी सहित यातायात टीम ने शुक्रवार 26 दिसंबर 2025 को नीमच शहर में अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले तथा सीट बेल्ट लगाकर चारपहिया वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य वाहन चालकों को भी यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया। वाहन चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही शहर में संचालित ऑटो वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कुल 25 ऑटो चेक किए गए, जिनमें से 8 ऑटो के दस्तावेज अपूर्ण पाए गए। बीमा, परमिट, फिटनेस, पीयूसी सर्टिफिकेट एवं लाइसेंस की कमी पाए जाने पर संबंधित ऑटो को थाना यातायात पर जब्त किया गया। यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले ऑटो चालकों के विरुद्ध माननीय न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट पहनकर एवं सीट बेल्ट लगाकर निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें।