खरगोन। हिन्दरक्षक, सरबंसदानी श्री गुरुगोबिंद सिंघ जी का 359 वां प्रकाश पर्व श्री गुरुसिंघ सभा द्वारा श्रद्धा- भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। प्रकाशोत्सव के निमित्त शुक्रवार को नगर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। शाम 4 बजे पंज प्यारों की अगुवाई में श्री तिलक पथ स्थित श्री गुरुद्वारा साहेब से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। फूलों से सुसज्जित रथ में श्री गुरुग्रंथ साहिब को विराजित कर कीर्तन की शुरुआत की गई। नगर कीर्तन के चलते चहुंओर गुरु के प्रति आस्था, विश्वास और समर्पण की झलक देखने को मिली। शहर के मुख्य मार्गाे पर जहां एक ओर नगर कीर्तन में गुरु की महिमा का बखान हो रहा था, तो वही सुसज्जित बग्घी में विराजित श्री गुरुग्रंथ साहिब की सेवा में हर कोई नतमस्तक हो रहा था।