अशोकनगर। जिले के मुंगावली ब्लाक अंतर्गत आने वाले मां जानकी धाम करीला में मन्नत पूरी होने के अवसर पर आयोजित राई नृत्य की आड़ में कुछ अज्ञात लोगों ने रात के समय मंदिर परिसर में अश्लील और फिल्मी गानों पर नृत्य करवाया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई। घटना की शिकायत के बाद बहादुरपुर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
तो वही आपको बता दे करीला माता मंदिर के सिक्योरिटी गार्ड विक्रम सिंह ने बताया कि वह रात करीब 1 बजे अपनी साथी के साथ ड्यूटी पर थे। उसी समय कुछ लोग राई नृत्य कराने आए और मंदिर के मुख्य द्वार परिसर के सामने ही ष्कमरिया लचकेष्, ष्चिकनी चमेलीष्, ष्चुपके अकेलीष् जैसे अश्लील गानों पर चार नृत्यांगनाओं को डीजे पर डांस करवाया। गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग नहीं माने। डीजे अशोकनगर के पास अथाईखेड़ा गांव का बताया जा रहा है।
इस संबंध में बहादुरपुर थाना प्रभारी नीलम सिंह यादव ने बताया कि मंदिर परिसर में अश्लील गानों पर नृत्य करवाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संभवतः आरोपी विदिशा जिले के निवासी हैं। जल्द ही उनके नाम सामने आने की संभावना है।
पुलिस ने मंदिर सुरक्षा गार्ड की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 196 (अपराध की सूचना न देना) और 296 (धार्मिक स्थलों में अशांति फैलाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।