खनियाधाना। शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला खनियाधाना क्षेत्र के औढ़ी माध्यमिक विद्यालय से सामने आया है, जहाँ अर्द्धवार्षिक परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं खुद छात्र ही जांचते हुए कैमरे में कैद हो गए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मासूम छात्र अपनी ही कॉपियों पर नंबर चढ़ा रहे हैं।
यह दृश्य न केवल सरकारी शिक्षा के दावों पर सवाल खड़े करता है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता और मॉनिटरिंग सिस्टम की भी पोल खोलता है। सवाल यह है कि जहाँ शिक्षकों को उत्तरपुस्तिकाएं जांचनी चाहिए, वहाँ यह जिम्मेदारी बच्चों को क्यों सौंप दी गई?
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। अभिभावकों ने इस पूरे मामले को घोर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला साफ तौर पर शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। अब देखना यह होगा कि इस गंभीर लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों और शिक्षकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।