मुरैना। जिले के पोरसा कस्बे में शुक्रवार रात 26 दिसंबर को बड़ा हादसा हो गया। एक भाजपा नेता ने तेज रफ्तार कार से घर के बाहर अलाव ताप रहे पांच लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे में घायल रामदत्त राठौर (65) और अर्णव उर्फ अन्नू लक्षकार (11) को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां देर रात दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव पोरसा लाए जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना में घायल कमलेश राठौर, गिर्राज राठौर और अभिषेक तोमर का इलाज फिलहाल जारी है।
हादसे के बाद आरोपी भाजपा नेता पुलिस हिरासत से भाग निकला, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर करीब 20 मिनट तक जाम लगाया और पुलिस पर आरोपी को भगाने के आरोप लगाए।
रात में फरार, सुबह गिरफ्तारी
एसडीओपी रवि भदौरिया के अनुसार आरोपी दीपेंद्र भदौरिया को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके चलते उसके परिजनों को रात में थाने में बैठाया गया। दबाव बढ़ने पर आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी। सामने आए वीडियो में आरोपी लंगड़ाकर चलता हुआ नजर आ रहा है। मामले को लेकर पोरसा में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।