नीमच। मध्यप्रदेश शासन वन विभाग एवं मप्र ईको पर्यटन विकास बोर्ड के समन्वय से वन परिक्षेत्र जावद अंतर्गत जंगल बीट डोराई के कक्ष क्रमांक 157 (महुआ खाल) में अनुभूति कार्यक्रम (ईको कैम्प) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शासकीय उमावि रतनगढ़ एवं शासकीय मावि डोराई के लगभग 130 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन, वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के वनों में पाई जाने वाली वनस्पतियों, उनके दैनिक जीवन में उपयोग, औषधीय पौधों, विषैले सांपों से बचाव तथा वन्यप्राणियों के संरक्षण की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को अनुभूति किट (पुस्तिका, कैप, पेन आदि) वितरित की गई। साथ ही रोचक खेल, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं सामान्य ज्ञान परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। “मैं भी बाघ”, “हम हैं बदलाव”, “हम हैं धरती के दूत” थीम सांग पर बाघ नृत्य का आयोजन भी किया गया, जिसे वन परिक्षेत्र अधिकारी विपुल प्रभात करोरिया द्वारा सम्पन्न कराया गया।
परिक्षेत्र सहायक एवं वन अमले द्वारा विद्यार्थियों की टोलियां बनाकर जंगल भ्रमण कराया गया, जिसमें मिट्टी संरक्षण, जल संरक्षण एवं वर्तमान वानिकी कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, जसवंत बंजारा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कचरूमल गुर्जर, पिंकेश मंडोवरा सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।