खरगोन। उत्तर प्रदेश के उन्नाव रेप कांड की पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर खरगोन में युवक कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। आरोपी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सजा के निलंबन के विरोध में युवक कांग्रेस ने बस स्टैंड पर प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजत डंडीर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने खरगोन यात्री बस स्टैंड पर पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान यात्रियों के बीच पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस ने भाजपा के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब बेटियां सुरक्षित ही नहीं हैं तो ऐसे नारे केवल दिखावा बनकर रह गए हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आम लोग और यात्री भी मौजूद रहे। खरगोन जिला युवच कांग्रेस के अध्यक्ष रजत डंडीर का कहना था की उन्नाव की पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए। आरोपी पूर्व विधायक की सजा का निलंबन बेटियों के साथ अन्याय है। अगर सरकार सच में बेटी बचाना चाहती है तो दोषियों को सख्त सजा दे। युवक कांग्रेस के खरगोन विधानसभा अध्यक्ष शाहरूख मिर्जा का कहना था की युवक कांग्रेस ने मांग की है की आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर की सजा का निलंबन तत्काल रद्द किया जाए और पीड़िता को पूरा न्याय मिले।