मंदसौर। पुलिस अधीक्षक नोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक नितेन्द्र भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एचडीएफसी बैंक ग्राहकों से 4 लाख 20 हजार रुपये की राशि का गबन कर दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को जिला सिवनी से गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण-
दिनांक 13 अक्टूबर 2023 को मंदसौर स्टेशन रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक दीपक राठौर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बैंक के कैश काउंटर पर कार्यरत कर्मचारी तौफीक मंसूरी द्वारा ग्राहकों से ली गई नकद राशि संबंधित खातों में जमा नहीं की जा रही है।
बैंक द्वारा की गई आंतरिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई ग्राहकों से नकद राशि लेकर उन्हें रसीद तो दी, लेकिन वह राशि खातों में जमा न कर उसका दुरुपयोग कर लिया। जांच में कुल 4,20,000 रुपये की हेराफेरी व गबन की पुष्टि हुई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 582/2023 धारा 409 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आरोपी घटना के बाद से वर्ष 2023 से फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। सायबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे जिला सिवनी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत केजीएन कॉलोनी, हड्डी गोदाम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है, जिससे गबन की गई राशि की बरामदगी की कार्रवाई की जा सके।
गिरफ्तार आरोपी-
तौफीक मंसूरी पिता शेख साबिर मंसूरी, उम्र 39 वर्ष, निवासी शीतला माता मंदिर के पास, नैनपुर जिला मंडला, हाल मुकाम केजीएन कॉलोनी, सिवनी।
पुलिस टीम-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र सिंह राठौर, उनि संदीप मौर्य, प्रधान आरक्षक कमलेश सिंह भदौरिया, आरक्षक हेमंत, योगेश साहू सहित सायबर सेल मंदसौर की टीम एवं थाना कोतवाली सिवनी पुलिस का सराहनीय योगदान रहा।