रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के रतलाम आगमन के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रतलाम जिले में प्रवेश कर चुके उनके काफिले में शामिल कई गाड़ियां तेज रफ्तार के कारण आपस में टकरा गईं। यह घटना फोरलेन मार्ग पर सरवड़दृजमुनिया के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफिले में शामिल वाहनों की गति काफी तेज थी। अचानक ब्रेक लगने और दूरी न होने के कारण काफिले की गाड़ियों में भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कुछ समय के लिए फोरलेन पर वाहनों को रोकना पड़ा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हादसे के बाद भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी गाड़ियों से नीचे उतर आए।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। कुछ देर बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में कर काफिला आगे के लिए रवाना हुआ।
कांग्रेसी बोले- सत्ता के नशे में गाड़ियां तेज चला रहे
घटना के बाद रतलाम ग्रामीण कांग्रेस नेता किशन सिंघाड़ ने भाजयुमो नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में काफिले की गाड़ियां तेज रफ्तार से चलाई जा रही थीं, जिससे आम वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने फोरलेन पर सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल पुलिस को किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है और मामले में कोई कार्रवाई दर्ज नहीं की गई है।
आमजन परेशान, कई रास्ते किए बंद
प्रदेश अध्यक्ष के रतलाम आने के पहले कार्यकर्ताओं ने रोड पर कई मंच बनाए हैं। स्वागत के लिए जेसीबी खड़ी की हैं। कई रास्ते बंद हो गए। इससे आमजन परेशान हो रहे हैं। शहर के मित्र निवास रोड तिराहे पर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना औद्योगिक टीआई सत्येंद्र रघुवंशी, डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ ट्रेफिक व्यवस्था संभालनी पड़ी।