नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी नयागांव, थाना जावद को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो पिकअप में भरा 704 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी नयागांव मंगलसिंह राठौड़ की टीम द्वारा की गई।
दिनांक 24 दिसंबर 2025 को विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर नवकार सिटी गेट के सामने नीमच–निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर पुलिस ने नाकाबंदी की। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP-44-GH-7280) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को कुछ दूरी पर रोककर मौके से फरार हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम गंगाराम पिता हजारीलाल बंजारा (48), निवासी ग्राम अरनिया मामादेव, जिला नीमच बताया। उसने फरार चालक का नाम ईश्वर सिंह बंजारा निवासी ग्राम देपालपुर बताया। संदेही को अभिरक्षा में लेकर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 704 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा मिला।
पुलिस ने डोडाचूरा एवं घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत जब्त कर लिया। मामले में आरोपी ईश्वर सिंह बंजारा को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस चौकी नयागांव की टीम की सराहनीय भूमिका रही।