नीमच। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी नयागांव, थाना जावद को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो पिकअप में भरा 704 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चल रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी जावद निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी नयागांव मंगलसिंह राठौड़ एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने पर नवकार सिटी गेट के सामने नीमच–निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP-44-GH-7280) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस नाकाबंदी देखकर चालक वाहन रोककर फरार हो गया, जबकि उसके साथी को मौके पर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम गंगाराम पिता हजारीलाल बंजारा (48) निवासी ग्राम अरनिया मामादेव, जिला नीमच बताया। उसने फरार चालक का नाम ईश्वर सिंह बंजारा, निवासी ग्राम देपालपुर बताया। संदेही गंगाराम को अभिरक्षा में लेकर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 704 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने डोडाचूरा एवं बोलेरो पिकअप को एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत जप्त कर आरोपी ईश्वर सिंह बंजारा को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सराहनीय भूमिका-
इस संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस चौकी नयागांव की टीम की भूमिका सराहनीय रही।