नीमच। शनिवार रात्रि को सिक्ख समाज विकास समिति के तत्वावधान में श्री गुरु गोविंद सिंह जी का 360वां प्रकाश पर्व शहर के नपा कार्यालय के सामने स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरु गोविंद सिंह जी को शेर-ए-हिंद के नाम से भी जाना जाता है।
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। शनिवार को शबद कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर प्रारंभ हुआ। इसमें सिक्ख समाज के सदस्यों सहित अन्य समाजों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में लंगर प्रसादी ग्रहण की।
रात्रि में हजूरी रागी जत्था द्वारा शबद कीर्तन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद स्त्री सत्संग की ओर से भी शबद कीर्तन हुआ। देर रात सिक्ख समाजजनों की उपस्थिति में आरती की गई तथा फूलों की वर्षा के साथ अरदास सम्पन्न हुई। कार्यक्रमों के समापन के पश्चात देर रात्रि में गुरुद्वारे के बाहर समाजजनों द्वारा आतिशबाजी की गई।
इस अवसर पर सिक्ख समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरभजनसिंह सलूजा, सचिव सतपालसिंह छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीपसिंह सलूजा, उपाध्यक्ष रघुवीरसिंह अरोरा, सह सचिव गगनदीपसिंह सलूजा, कार्यकारिणी सदस्य जोगेंद्रसिंह सलूजा, हरजीतसिंह छाबड़ा, मीडिया प्रभारी मनदीपसिंह गौत्रा सहित बड़ी संख्या में सिक्ख समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवती एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।