नीमच। उपनगर बघाना में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन के दूसरे दिन भी देशभर से आए अग्रबंधुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। आयोजन के तहत अग्रवाल पंचायत समिति एवं अग्रवाल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में उद्योग रत्न सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह में समाज के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों को उनके औद्योगिक योगदान के लिए मोमेंटो, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में धानुका ग्रुप के कैलाश धानुका व सुनील धानुका, धीरेंद्र सोया के आशीष गोयल, एम.एस. सॉल्वेंट के ओमप्रकाश सिंघल, महेंद्र गर्ग, कमल मोदी, नवीन सिंघल, दीपक अग्रवाल, सुनील गोयल, संजय अग्रवाल सहित अन्य अग्रणी उद्योगपति शामिल रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर इंदौर से आए विशिष्ट अतिथि विष्णु बिंदल ने सम्मेलन को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि वैवाहिक रिश्तों में समय पर निर्णय लिया जाना हितकर होता है। उन्होंने व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए अग्र चयनीय पुस्तिका को रिश्ते तय करने में सहायक बताया।
अतिथि संजय मंगल ने आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बताते हुए कहा कि यह कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियां लक्ष्मी स्वरूप होती हैं और समाज को ऐसे आयोजनों का अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए।
उद्योगपति कैलाश धानुका ने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए विश्वास और मेहनत अनिवार्य है, वहीं वैवाहिक रिश्तों के लिए भी सकारात्मक प्रयास आवश्यक हैं। इस अवसर पर प्रहलाद राय गर्ग और ओम बंसल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, आशीष गुप्ता, राहुल गोयल, आर.वी. गोयल, संतोष चोपड़ा, प्रहलाद राय गर्ग, ओम बंसल, कमल गर्ग, विक्की गोयल, संगीता गर्ग सहित समाज के पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन मंचासीन रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ गोपाल गर्ग ‘जीजी’ के जन्मदिन पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं भी दी गईं।