रतलाम/जावरा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को रतलाम जिले के जावरा में आयोजित राज्य स्तरीय सोयाबीन भावांतर योजना कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 3.77 लाख किसानों के खातों में 810 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। कार्यक्रम शासकीय भगत सिंह महाविद्यालय, जावरा में आयोजित किया गया, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
स्व. पांडेय की आदमकद प्रतिमा का किया अनावरण-
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जावरा विधानसभा क्षेत्र के सुजापुर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सांसद स्व. लक्ष्मीनारायण पांडेय की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय एवं उनके परिवार द्वारा विकसित स्मृति कुंज में स्थापित की गई है।
पूर्व सांसद पांडेय को बताया आदर्शवादी राजनीति का नक्षत्र-
प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व सांसद डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय गांव की माटी से निकलकर आदर्शवादी राजनीति के दैदीप्यमान नक्षत्र बने। उन्होंने जावरा-मंदसौर संसदीय क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश और देश की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को डॉ. पांडेय के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, कुशाभाऊ ठाकरे, पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा और स्व. डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय का भी स्मरण किया।
कांग्रेस नेताओं को किया गया नजरबंद-
इधर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने पहुंचे कांग्रेस नेताओं को जिला प्रशासन और पुलिस ने नजरबंद कर दिया। रतलाम में भी कांग्रेस नेताओं को हेलीपैड जाने से रोका गया। कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री से मिलकर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन देना चाहते थे। रतलाम शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा के कार्यालय पर एसडीएम आर्ची हरित, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और ज्ञापन लेने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन प्रशासन को देने से इनकार कर दिया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि वे शांतिपूर्वक मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें नजरबंद कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता की समस्याएं आखिर किसे बताई जाएं।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति-
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंदसौर-नीमच लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, संभाग प्रभारी सुरेश आर्य तथा जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।