नीमच। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में भू-माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी नयागांव, थाना जावद को बड़ी सफलता मिली है। जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने वाले मुख्य षड्यंत्रकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में साजिश में शामिल विक्रम सीमेंट फैक्ट्री, खोर के एक अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी नयागांव मंगलसिंह राठौड़ की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
फर्जी वसीयत बनाकर जमीन बेचने का मामला-
फरियादी बंशीलाल पिता स्व. बगदूराम धाकड़, निवासी चरलिया ब्राह्मण, थाना निम्बाहेड़ा कोतवाली, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) द्वारा प्रस्तुत शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्व. बगदूराम धाकड़ के नाम से कूटरचित फर्जी वसीयत तैयार कर नामांतरण कराया गया और बाद में नयागांव स्थित जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर उसे बेच दिया गया।
शिकायत पर थाना जावद में अपराध क्रमांक 483/2025 अंतर्गत धारा 318(4), 336, 338, 339, 340, 61(2), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मुख्य आरोपी सहित कई गिरफ्तार-
प्रकरण में आरोपी-
- अक्षय शर्मा पिता राजेन्द्र शर्मा, निवासी बाबल, थाना जावद
- पुष्पाबाई पत्नी स्व. राधेश्याम गर्ग, निवासी चित्तौड़गढ़
- अनिल गर्ग पिता राधेश्याम गर्ग, निवासी चित्तौड़गढ़
- संतोषबाई जोशी पत्नी मदनलाल जोशी, निवासी जावद
- मदनलाल जोशी पिता गोपाल जोशी, निवासी जावद
- बाबूलाल नाथ पिता रूपलाल नाथ, निवासी प्रतापगढ़
को आरोपी बनाया गया। विवेचना के दौरान विकास चन्द्रावत पिता सत्यनारायण, निवासी जावद को भी आरोपी बनाया गया। इनमें से कई आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।
विक्रम सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारी की भूमिका उजागर-
मुख्य आरोपी अक्षय शर्मा को दिनांक 22 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने विक्रम सीमेंट फैक्ट्री, खोर के अधिकारी प्रमोद रथ, जो फैक्ट्री के लिए जमीन खरीदने का कार्य करता था, को भी साजिश में शामिल बताया। पुलिस ने प्रमोद रथ को फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने की साजिश में शामिल पाए जाने पर आरोपी बनाया है। फिलहाल प्रकरण की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।