नीमच। नीमच के प्रतिष्ठित सराफा व्यवसायी बहादुर सोनी, सत्यम ज्वैलर्स के संचालक, के आकस्मिक निधन के बाद सैकड़ों ग्राहकों की करोड़ों रुपये की जमा-पूंजी संकट में फंस गई है। रविवार को आक्रोशित 60 से अधिक पीड़ित ग्राहकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और न्याय की मांग की।

पीड़ितों का आरोप है कि बहादुर सोनी के निधन के बाद उनके परिजन एवं व्यावसायिक साझेदार जिम्मेदारी लेने से इनकार कर रहे हैं। इससे ग्राहकों की चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

पीड़ितों में बड़ी संख्या किसानों और मध्यमवर्गीय परिवारों की है, जिन्होंने फसल बेचकर अथवा कर्ज लेकर बेटियों के विवाह हेतु आभूषण बनवाने के लिए नकद राशि एवं सोना जमा कराया था। कई ग्राहकों के पास फर्म के लेटरपैड पर जारी विधिवत रसीदें मौजूद हैं, इसके बावजूद उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में ठोस एवं कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी जमा राशि और सोना शीघ्र वापस दिलाया जाए। यह मामला वर्तमान में नीमच के सराफा बाजार एवं शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
